सत्याग्रह आंदोलन: हजारों कर्मचारियों व मजदूरों ने दी गिरफ्तारी

पवन राठी/हिसार। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर आज सत्याग्रह आंदोलन के तहत हजारों कर्मचारियों ने लघु सचिवालय पहुंच कर अपनी गिरफ्तारी दी। वहीं कर्मचारियों की संख्या को देखते हुए प्रशासन की व्यवस्था कम पड़ गई और प्रशासन को बाद और वाहन बुलाने पड़े।

इससे पूर्व ट्रेड यूनियनों व कर्मचारी संगठनों के आह्वान पर भारी संख्या में कर्मचारी, मजदूर व महिलाएं स्थानीय क्रांतिमान पार्क में पहुंचे और वहां पर जनसभा की। वहां से वो प्रदर्शन करते हुए अपनी गिरफ्तारी देने के लिए लघुसचिवालय पहुंचे। वहां पर मामूली खिंचतान के बाद प्रशासन प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी लेने के लिए तैयार हुआ।

इस दौरान 6 बसें महिलाओं की भरने के बाद प्रशासन ने बाकि बसों की व्यवस्था करने में काफी देर लगा दी, जिसके कारण प्रदर्शनकारियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने लघुसचिवालय का घेराव कर दिया, जिसके बाद प्रशासन ने उनकी गिरफ्तारी का सिलसिला शुरू किया।

पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के राज्य सह सचिव सुरेंद्र मान ने आरोप लगाया कि सरकार सार्वजनिक जन सेवाओं के सरकारी विभागों को समाप्त करने की साजिश कर रही है। पूंजीपतियों के हक में श्रम कानून बनाने, ट्रेड यूनियन अधिकार समाप्त कर सभी विभागों में स्थाई काम पर अस्थाई भर्तियों पर जोर दिया जा रहा है। बिजली कर्मचारी ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर भारी संख्या में सत्याग्रह आंदोलन में भाग लिया।