भिवानी/हरियाणा। नव चयनित जेबीटी अध्यापकों ने शुक्रवार को नेहरू पार्क में बैठक कर आंदोलन की रणनीति तैयार की। चयन के दो वर्ष बाद भी नियुक्ति न दिए जाने पर आक्रोश जताते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बैठक में पात्र अध्यापक संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने आदेश दिया था कि प्रदेश सरकार 322 दिनों में भर्ती करे। इस आदेश को लगभग दो वर्ष होने के बाद भी वर्तमान सरकार नियुक्ति देने में रूचि नहीं दिखा रही। प्रदेश सरकार समीक्षा, तकनीकी जांच के नाम पर जान बूझ कर नियुक्ति को लटका रही है। सरकार कोई न कोई बहाना बनाकर भर्ती को रद्द करना चाहती है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसके विरोध में 15 को हिसार मंडल, 22 को रोहतक मंडल पर जोरदार प्रदर्शन व 29 मार्च को करनाल में राज्य स्तरीय न्याय पंचायत करेंगे। इसमें प्रदेश के सभी जन संगठनों के पदाधिकारी, सभी खाप पंचायतों के प्रधानों के साथ-साथ हरियाणा के बुद्धिजीवी भाग लेंगे। बैठक में जिला प्रधान अशोक अटेला, महिला विंग प्रभारी प्रोमिला सोनीपत, नरेश वर्मा मित्ताथल, पवन राना, प्रवीण आर्य, बहादुर सिंह तंवर, आनंद कलकल, सतीश जांगड़ आदि रहे।
Social Plugin