कानपुर। गर्म कपड़े बनाने के लिए अपने जमाने की मशहूर सरकारी कंपनी लाल इमली के करीब 1200 कर्मचारी पिछले आठ महीने से वेतन नहीं मिलने से परेशान हैं। अब उन्होंने फैसला किया है कि वह ना तो होली मनाएंगे और ना ही अपने अधिकारियों को मनाने देंगे। बल्कि उस दिन अपने परिवार के साथ शहर के चौराहों पर भीख मांगेंगे।
भारत सरकार के कपड़ा मंत्रालय के अन्तर्गत आने वाली कंपनी लाल इमली के कर्मचारी पिछले कई महीनों से वेतन के लिए आंदोलन कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना कि सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।
लाल इमली की सूती मिल मजदूर यूनियन के अध्यक्ष बी एम त्रिपाठी ने को बताया कि पिछले आठ महीने से कर्मचारियों को पैसा नहीं मिला है। अब परिवार के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना मुश्किल हो गया है।
त्रिपाठी ने कहा कि इस लिए कर्मचारियों ने फैसला किया है कि वे ना तो होली मनाएंगे और ना ही कंपनी के किसी अधिकारी को मनाने देंगे। कर्मचारी और उनके परिवार होली के दिन लाल इमली के सामने और शहर के प्रमुख चौराहों पर भीख मांगेंगे।
Social Plugin