माओवादियों ने अधिकारी, कर्मचारी व ठेका श्रमिकों को बंधक बनाया

बीजापुर/बचेली। एक बार फिर माओवादियों ने एनएमडीसी के वाहन को अपना निशाना बनाते हुए आगजनी की घटना को अंजाम दिया। एनएमडीसी के सिविल विभाग की एक पिकअप वाहन को माओवादियों ने जलाकर खाक कर दिया और एनएमडीसी के अधिकारी, एक कर्मचारी और ठेका श्रमिकों को डेढ़ घंटे तक बंधक बना लिया।

घटना सुबह 10-11 बजे के बीच की बताई जा रही है। विगत 20 दिनों से चार नंबर राजा बंगला इलाके में स्थित पंप हाउस के पाइप लाइन का डीस्मेंटल कार्य कराया जा रहा था जिसके लिए प्रतिदिन एक सिविल अधिकारी समेत करीब 12 श्रमिक रोजाना कार्य के लिए आना जाना कर रहे थे। सोमवार को भी कर्मचारियों का दल पंप हाउस के लिए रवाना हुआ।

वाहन को जंगल में ले गए
चार नंबर राजा बंगला इलाके में स्थित पंप के पास करीब 40-50 वर्दीधारी हथियारबंद माओवादी पहुंचे और एचईएम ऑपरेटर राम सिंह सेठिया, कनिष्ठ अधिकारी सिविल जेएके श्रीधर और ठेकेदार के जोश के 10 श्रमिकों से मोबाइल छीनकर आगे जंगल की ओर वाहन को ले आने की बात कही। जिसके बाद चालक के साथ चार हथियार बंद माओवादी साथ बैठकर जंगल के अंदर कुछ दूर ले जाने के बाद वाहन में आग लगा दी।

NMDC अधिकारी-कर्मचारियों में दहशत
इसके अलावा पाइप कटिंग के कार्य में लगे उपकरण कटिंग टॉर्च, ऑक्सीजन सिलेंडर और डीए सिलेंडर अपने साथ ले गए। डेढ़ घंटे कर्मचारियों को बंधक बनाए रखने के बाद मोबाइल फोन वापस लौटाकर उनसे लाल सलाम के नारे लगावाए और दोबारा उस ओर नहीं जाने की हिदायत देकर सभी को चले जाने को कहा। खौफजदा अधिकारी कर्मचारियों ने डंप यार्ड पैदल आकर मदद के लिए फोन लगाया। घटना के बाद से ही एनएमडीसी अधिकारी और कर्मचारियों में दहशत है।