आफिस के दरवाजे पर भूख हड़ताल को बैठे नप कर्मचारी

कोडरमा। झारखंड लोकल बॉडीज इम्पलाइज फेडरेशन के आह्वान पर झुमरी तिलैया नगर पर्षद कर्मचारी संघ के तत्वावधान में नियमित वेतन भुगतान किये जाने समेत पांच सूत्री मांगों को लेकर सभी कर्मचारी नगर पर्षद कार्यालय के मुख्य द्वार पर आज से दो दिवसीय भूख हड़ताल पर बैठ गये हैं। भूख हड़ताल में शामिल कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। हड़ताल से नगर पर्षद में सभी कामकाज ठप पड़ गया है।

भूख हड़ताल में शामिल सभी सफाई कर्मचारी, दैनिक कर्मचारी, कार्यालय कर्मचारी समेत अन्य सभी कर्मचारी मांगों के समर्थन में अपनी एकजुटता दिखाते हुए लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। हड़ताल से पूरे नगर पर्षद कार्यालय के सभी विभागों में ताले लटक रहे हैं और कामकाज पूरी तरह ठप हो जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है। कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महादेव यादव ने बताया कि उनकी मांगों को लेकर सरकार लगातार उपेक्षा बरत रही है। जिसके कारण अंतत: बाध्य होकर कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ा है। 

उन्होंने बताया कि 3 और 4 मार्च के भूख हड़ताल के बाद भी अगर सरकार नहीं चेती और मांगे पूरी नहीं हुई, तो आगे अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जायेगी। मौके पर संघ के महासचिव संजीव पांडेय ने बताया कि आंदोलन को लेकर सभी कर्मचारी एकजुट हैं। हड़ताल में शंभू यादव, रतन कुमार समेत अन्य कर्मचारी शामिल हैं।